आजादी का असली मतलब

यह स्वतंत्रता दिवस की एक प्रेरणादायक कहानी है जो बच्चों को आत्मनिर्भरता का महत्व सिखाती है। आर्यन और रोहित अपनी माँ से सीखते हैं कि असली आज़ादी सिर्फ देश की नहीं, बल्कि अपने काम खुद करने में भी है।

Independence Day Story for Kids

शाम का समय था। स्कूल से लौटते ही आर्यन और उसका छोटा भाई रोहित घर में घुसे, जूते इधर-उधर फेंक दिए, बैग टेबल पर पटक दिए और बिना कपड़े बदले सोफे पर बैठकर टीवी देखने लगे।

“मम्मी, पानी लाओ न…बहुत प्यास लगी है।” – आर्यन ने जोर से आवाज दी।

किचन से मम्मी ने जवाब दिया- “मैं काम कर रही हूँ बेटा, खुद आकर पी लो।”

लेकिन दोनों टीवी देखने में इतने मग्न थे कि उठने का नाम ही नहीं ले रहे थे। आखिरकार मम्मी को ही पानी लेकर आना पड़ा। पानी लेकर जैसे ही मम्मी हॉल में आईं, उन्होंने देखा कि जूते बिखरे पड़े थे, बैग टेबल पर फैले थे, बच्चों ने कपड़े भी नहीं बदले थे और न ही हाथ-मुँह धोया था।

थोड़ा नाराज होकर मम्मी बोलीं – “कितनी बार कहा है कि अपने काम खुद करना सीखो, लेकिन तुम सुनते ही नहीं हो।”

दोनों ने माँ की बात को अनसुना कर दिया और फिर से टीवी स्क्रीन पर आँखें गड़ा दीं। उन्हें पानी देकर मम्मी ने उनके जूते सही जगह रखे, बैग कमरे में रख दिए और फिर वापस किचन में चली गईं। थोड़ी देर बाद पापा भी ऑफिस से आ गए। भीतर आते ही उन्होंने मम्मी को आवाज दी- “सुनो, जरा एक कप चाय बना दो।”

मम्मी कपड़े धोने में व्यस्त थीं। उन्होंने कहा- “आप खुद आकर बना लीजिए, मुझे बच्चों के कपड़े धोने हैं…कल 15 अगस्त है न…”

“अरे पहले चाय बना दो, कपड़े फिर धो लेना।”

तभी बीच में रोहित बोल पड़ा- “मम्मी, अगर चाय बना ही रही हो तो साथ में पकौड़े भी बना दो, हमें बहुत भूख लगी है।”

बेचारी मम्मी, कपड़े धोना छोड़कर चाय और पकौड़े बनाने में लगीं। इसके बाद मम्मी ने जैसे-तैसे अपने बचे हुए काम खत्म किए और खाना बनाने में जुट गईं। खाना तैयार होते-होते रात के 10 बज चुके थे।

बच्चों ने जल्दी से खाना खाया और जाकर सो गए। उन्हें कल जल्दी उठना था, लेकिन मम्मी अलार्म लगाना भूल गई थीं, इसलिए सब देर से उठे। बच्चे जल्दी-जल्दी में तैयार हुए और फिर पापा बच्चों को समय रहते स्कूल छोड़ आए।

स्कूल में पहले मार्च-पास्ट हुआ, फिर भाषण, देशभक्ति गीत, नाटक इत्यादि कार्यक्रम हुए। अंत में ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के बाद प्रसाद बाँटा गया और फिर दोपहर में बच्चे घर लौट आए।

घर आकर दोनों सोफे पर बैठकर बातें करने लगे। रोहित बोला- “भैया, आज तो बहुत मजा आया। कितने अच्छे प्रोग्राम हुए आज स्कूल में…लेकिन एक बात समझ नहीं आई! जब त्रिपाठी सर भाषण दे रहे थे, तो उन्होंने अंत में कहा था कि ‘हम आजादी का पर्व मना रहे हैं, लेकिन सच यह है कि हम अब भी पूरी तरह आजाद नहीं हैं क्योंकि हम में से ज्यादातर लोग अपने कामों के लिए भी दूसरों पर निर्भर रहते हैं’ – ऐसा उन्होंने क्यों कहा होगा?”

बड़े भाई ने कहा- “ये तो मुझे भी समझ नहीं आया कि सर ने ऐसा क्यों कहा!”

तभी वहाँ पर मम्मी आती हैं। रोहित मम्मी को यह बात बताता है और उनसे पूछता है- “मम्मी, त्रिपाठी सर की बात का मतलब क्या है? क्या हम सच में आजाद नहीं हैं?”

मम्मी ने कुछ पल सोचा और फिर बोलीं- “बिलकुल सही कहा है सर ने। हम सब आज भी पूरी तरह आजाद नहीं हैं। देखो, तुम दोनों की ही बात करते हैं – स्कूल से आने के बाद अपने जूते तुम खुद नहीं रखते, अपने कपड़े तुम स्वयं अलमारी में नहीं रखते, पानी पीने जितने छोटे काम के लिए भी तुम मुझे आवाज लगाते हो। ये सारे काम तुम्हें खुद करने चाहिए लेकिन तुम मुझसे कहते हो…यानी कि तुम दोनों अपने हर छोटे-बड़े काम के लिए मुझ पर निर्भर हो। इसी तरह तुम्हारे पापा भी कई छोटे-बड़े कामों के लिए मुझ पर निर्भर रहते हैं जिन्हें वे खुद भी कर सकते हैं…

..तो बताओ, क्या ये पूरी तरह स्वतंत्र होना है? आजादी सिर्फ देश के लिए नहीं, हमारे जीवन के लिए भी जरूरी है- और उसका पहला कदम है आत्मनिर्भर बनना। जिस दिन हम अपने कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भर रहना छोड़ देंगे, उस दिन हम पूरी तरह स्वतंत्र हो जाएँगे।”

दोनों बच्चे बड़े ही ध्यान से मम्मी की बातों को सुन रहे थे। उन्हें अपनी माँ की हर एक बात समझ आ रही थी। उन्हें एहसास हो गया था कि माँ उन्हें क्या बताने की कोशिश कर रही हैं। दोनों ने अपनी माँ से वादा किया कि अब वे अपने सारे काम खुद ही किया करेंगे और आत्मनिर्भर बनने का प्रयास करेंगे।

माँ के चेहरे पर संतोषभरी मुस्कान थी क्योंकि ‘आजादी का असली मतलब’ आज उनके बच्चों ने समझ लिया था।

आपको यह स्वतंत्रता दिवस की कहानी कैसी लगी? नीचे कमेंट में अपने विचार ज़रूर साझा करें।

आज़ादी का मतलब सिर्फ़ अंग्रेज़ों से मुक्ति पाना नहीं है, बल्कि यह भी है कि हम अपने जीवन में आत्मनिर्भर बनें।
इस कहानी में बच्चों के दैनिक जीवन का एक छोटा-सा किस्सा है जो उन्हें यह समझाता है कि छोटी-छोटी चीज़ों के लिए भी दूसरों पर निर्भर न रहें। आत्मनिर्भर बनने का पहला कदम है – अपने काम खुद करना। यही है स्वतंत्रता का असली रूप।
अगर आप अपने बच्चों को स्वतंत्रता का सही अर्थ और आत्मनिर्भरता का महत्व सिखाना चाहते हैं, तो यह कहानी उनके साथ ज़रूर साझा करें।

#Editors Choice #Independence Day

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Read Also:

ईमानदारी का फल

ईमानदारी का फल

यह कहानी भैरवपुर गाँव के सूरज की है, जिसने अपनी ईमानदारी से एक गुम हुए कीमती कंगन को उसके असली मालिक तक पहुँचाया। उसकी सच्चाई...
बीरबल और जादुई लकड़ी

बीरबल और जादुई लकड़ी

“बीरबल और जादुई लकड़ी” में पढ़िए कैसे बीरबल ने एक चालाक योजना से असली चोर को पकड़ा। यह कहानी सिखाती है— बुद्धि ही असली शक्ति...
कछुआ और खरगोश की कहानी

कछुआ और खरगोश की कहानी

एक बार खरगोश को अपनी तेज चाल पर घमंड हो गया और वह जो मिलता उसे रेस लगाने के लिए चुनौती देता। कछुए ने उसकी...
मैं हूँ इंटरनेट

मैं हूँ इंटरनेट

इस मजेदार कहानी में बच्चों को जानिए कि इंटरनेट कैसे शिक्षा, व्यापार और मनोरंजन में हमारी मदद करता है।