शिक्षक दिवस: समाज के सच्चे मार्गदर्शक
शिक्षक दिवस केवल अध्यापकों तक सीमित नहीं है, बल्कि हर उस मार्गदर्शक के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है जो हमें जीवन में दिशा दिखाते हैं।
हर वर्ष 5 सितम्बर का दिन हमारे देश में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह अवसर भारत के पूर्व राष्ट्रपति, शिक्षक और महान दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर मनाया जाता है। पूरे देश में यह दिन बड़े उत्साह से मनाया जाता है। स्कूलों और कॉलेजों में छात्र अपने शिक्षकों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम, कविताएँ, भाषण और नाटक प्रस्तुत करते हैं। कई जगह पर छात्र स्वयं शिक्षक की भूमिका निभाकर एक दिन के लिए कक्षा चलाते हैं। सरकार की ओर से भी श्रेष्ठ शिक्षकों को पुरस्कार और सम्मान प्रदान किए जाते हैं, ताकि समाज में उनके योगदान को मान्यता मिल सके।
लेकिन यदि हम गहराई से सोचें तो शिक्षक केवल स्कूल या कॉलेज तक ही सीमित नहीं होते। समाज के हर क्षेत्र में हमें दिशा दिखाने वाला कोई न कोई अवश्य होता है। खेल जगत में खिलाड़ी को जीत की ओर ले जाने वाला उसका कोच होता है, जिसे खिलाड़ी अपना गुरु मानते हैं। सचिन तेंदुलकर अपनी सफलता के पीछे अपने गुरु ‘रमाकांत आचरेकर’ की मेहनत को सदैव स्मरण करते हैं। कबड्डी, कुश्ती, हॉकी, बैडमिंटन या एथलेटिक्स- हर खेल में खिलाड़ी के पीछे एक ऐसा मार्गदर्शक खड़ा होता है जो पसीना बहाकर उसे निखारता है। ये भी हमारे लिए शिक्षक ही हैं।
इसी प्रकार कला और संस्कृति की दुनिया- नृत्य, संगीत, अभिनय, चित्रकला या साहित्य में भी गुरुओं की महत्ता रही है। भारत की शास्त्रीय परंपराएँ तो ‘गुरु-शिष्य’ संबंध पर ही टिकी रही हैं। एक नर्तकी की भावभंगिमा हो, या गायक की राग की गहराई- इन सबके पीछे वर्षों की मेहनत और एक गुरु का सहयोग और आशीर्वाद छिपा रहता है। आज आधुनिक कला में भी मेंटर, गाइड और ट्रेनर की भूमिका उसी परंपरा को आगे बढ़ा रही है।
समय के साथ अब समाज बदल रहा है और शिक्षा का स्वरूप भी। आज के समय में बच्चों का ध्यान किताबों से हटकर मोबाइल और सोशल मीडिया की ओर ज्यादा जा रहा है। यह बदलाव पूरी तरह बुरा भी नहीं है, क्योंकि तकनीक ज्ञान की पहुँच को बढ़ाती है, लेकिन खतरा तब होता है जब यह लत बनकर बच्चों को अधीर बना दे।
ऐसे समय में शिक्षकों की भूमिका और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गई है। उनका कार्य केवल पाठ्यपुस्तक पढ़ाना ही नहीं है, बल्कि बच्चों को सोचने, प्रश्न पूछने, और सही-गलत में फर्क करने की क्षमता का विकास करना भी है। एक अच्छा शिक्षक विद्यार्थी को केवल किताबों का ज्ञान नहीं देता, बल्कि जीवन जीने की कला भी सिखाता है।
साथ ही यह भी सच है कि बच्चे केवल स्कूल में नहीं सीखते बल्कि घर पर माता-पिता भी उनके शिक्षक होते हैं। भारतीय परंपरा में कहा गया है कि “माता-पिता हमारे प्रथम गुरु हैं।” इसलिए यह जिम्मेदारी माता-पिता की भी है कि वे बच्चों में शुरुआत से ही अच्छी आदतें डालें। किताब पढ़ने और बुज़ुर्गों का सम्मान करने की आदत से लेकर मानवीय गुणों- जैसे सहानुभूति, सहयोग और ईमानदारी की समझ विकसित करना भी ज़रूरी है।
यदि घर का वातावरण सकारात्मक और शिक्षाप्रद होगा, तो बच्चे स्कूल और समाज दोनों में सीखने के लिए तैयार रहेंगे। इस तरह जब माता-पिता और शिक्षक, दोनों मिलकर बच्चे का भविष्य गढ़ते हैं, तभी समाज का भविष्य उज्ज्वल बनता है।
शिक्षक दिवस का सही अर्थ तभी पूरा होगा जब हम समझें कि शिक्षक हमारे जीवन में सिर्फ एक अध्यापक नहीं, बल्कि हमारे दूसरे माता-पिता होते हैं। वे हमें गिरने से बचाते हैं, ठोकर खाने पर उठना सिखाते हैं और जीवन की भीड़ में सही रास्ता दिखाते हैं। इसलिए इस दिन हम सबको मिलकर प्रण लेना चाहिए कि हम अपने शिक्षकों का मान-सम्मान करेंगे और उनकी सीख को जीवन में उतारेंगे।












प्रातिक्रिया दे