दीपक से हमें क्या सीख मिलती है: जीवन के अनमोल सबक
दीपक सिर्फ रोशनी का साधन नहीं, बल्कि जीवन की प्रेरणा है। पर आखिर दीपक हमें कौन-सी सीख देता है? पूरा जानने के लिए पढ़ें आगे।
दीपक एक साधारण-सी वस्तु है जो अंधकार मिटाने का काम करता है। जब भी घर में अंधेरा होता है, दीपक जलाने से पूरे कमरे में प्रकाश फैल जाता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि यह छोटा-सा दीपक हमें जीवन की कितनी गहरी सीख दे सकता है? चलिए, आज इस लेख में हम इसी बात पर विचार करते हैं।
दीपक से मिलने वाली सीख
दीपक का सबसे महत्वपूर्ण गुण उसकी निःस्वार्थ सेवा है। जैसे दीपक बिना किसी स्वार्थ के दूसरों को प्रकाश देने का काम करता है, वैसे ही हमें भी अपने जीवन में दूसरों की भलाई के लिए प्रयासरत रहना चाहिए। दूसरों के जीवन में खुशियों और उम्मीदों की रोशनी लाने से हमें भी अंदरूनी खुशी और संतोष मिलता है।
वैसे तो दीपक की लौ आकार में बहुत छोटी होती है, लेकिन फिर भी अंधकार के विशाल परदे को काटकर रोशनी फैलाने की ताकत रखती है। दीपक की यह लौ हमें सिखाती है कि अंधकार चाहे कितना भी गहरा क्यों न हो, एक छोटी-सी ज्योति भी उसे दूर कर सकती है। यानि कि हमारे जीवन में कठिनाइयाँ कितनी भी बड़ी हों, अगर हमारे भीतर आशा और संकल्प की लौ जल रही है तो हम किसी भी समस्या का समाधान पा सकते हैं।
आपने गौर जरुर किया होगा कि दीपक की लौ धीरे-धीरे और स्थिरता से जलती है। अस्थिर वातावरण में दीपक की लौ जल नहीं पाती। यह हमें सिखाता है कि जीवन में सफलता पाने के लिए धैर्य और स्थिरता कितनी आवश्यक होती है। जब हम किसी कठिनाई का सामना कर रहे होते हैं तो हमें तुरंत हार मानने के बजाय, धैर्यपूर्वक अपनी समस्याओं का सामना करना चाहिए। दीपक की लौ हमें इस बात की प्रेरणा देती है कि धैर्य और स्थिरता से ही जीवन में सच्ची सफलता पाई जा सकती है।
दीपक की लौ को ज्ञान का प्रतीक भी माना जा सकता है। दीपक जलाने का अर्थ केवल बाहरी अंधकार को दूर करना नहीं, बल्कि अपने भीतर के अज्ञान को मिटाना भी है, और इस अज्ञान के अंधकार को केवल ज्ञान का प्रकाश ही मिटा सकता है। ज्ञान का यह सच्चा प्रकाश ही हमें सही-गलत का भेद समझाता है, और हमें यह अहसास कराता है कि सच्चा सुख और शांति बाहरी दुनिया में नहीं बल्कि हमारे अंदर है।
दीपक का अस्तित्व ही अंधकार और प्रकाश के संतुलन पर टिका हुआ है। दीपक की लौ जितनी गहरी होती है, उतना ही गहरा उसके चारों ओर का अंधकार भी होता है। जिस प्रकार दीपक की लौ घने अंधकार में भी जलती रहती है, उसी प्रकार हमें भी जीवन की कठिनाइयों का सामना करते हुए अपने प्रकाश को जलाए रखना चाहिए।
आज के इस लेख से आपने क्या सीखा?
• हमें निःस्वार्थ भाव से दूसरों की सेवा करनी चाहिए।
• कोशिश करने पर हम बड़ी-से-बड़ी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
• धैर्य और स्थिरता से ही जीवन में सफलता पाई जा सकती है।
• सच्चा सुख और शांति हमारे भीतर ही होती है जिसे केवल ज्ञान का प्रकाश जलाकर ही पहचाना जा सकता है।
• कठिनाइयों का सामना करते हुए हमें अपने भीतर की आशा को जलाए रखना चाहिए।
तो अगली बार जब भी आप दीपक जलाएँ उसके द्वारा दी गई सीख का स्मरण जरुर कीजिएगा।












प्रातिक्रिया दे